Tuesday, June 2, 2026
spot_img

दिल्ली पुलिस का गैंगस्टरों पर बड़ा शिकंजा, 58 ठिकानों पर छापेमारी कर 36 दबोचे, करोड़ों की संपत्ति बरामद

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली । दिल्ली पुलिस ने गुरुवार देर रात राजधानी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 58 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की और 36 संदिग्धों को दबोच लिया, जिनमें से छह को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का मकसद दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैंगस्टरों की कमर तोड़ना है।
दिल्ली पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि यह अभियान दिल्ली, सोनीपत, सांपला, झज्जर, रोहतक और बहादुरगढ़ में एक साथ चलाया गया। इसमें कुल 820 पुलिसकर्मी शामिल रहे जिनमें बाहरी उत्तरी जिले की 39 टीमों के 500 और रोहिणी जिले की 19 टीमों के 320 जवान तैनात किए गए थे। अभियान की अगुवाई इंस्पेक्टर और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने की जबकि इसकी निगरानी उपायुक्त हरेश्वर स्वामी और उपायुक्त राजीव रंजन ने की तथा समूची कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह की देखरेख में पूरी की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए छह अपराधियों के तार दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात गिरोहों से जुड़े हैं जिनमें काला जठेड़ी, जितेंद्र उर्फ गोगी, नीरज बवाना, राजेश बवाना, टिल्लू ताजपुरिया, कपिल सांगवान उर्फ नंदू और नेटू डाबोदा जैसे गिरोह शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शक्तिमान (34) निवासी खेड़ा खुर्द, वेदपाल (55) निवासी टिकरी खुर्द नरेला, प्रेम सिंह सहारावत (67) निवासी बवाना, नवीन (30) निवासी कराला, अंकित उर्फ विशाल (25) निवासी कराला और हरिओम उर्फ अंकित उर्फ अक्की (25) निवासी कराला शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इन पर आर्म्स एक्ट के तहत सात मामले दर्ज किए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी, गहने, वाहन और हथियार भी बरामद किए हैं। इसमें 49.60 लाख रुपये नकद, 1.36 किलोग्राम सोना, 14.60 किलोग्राम चांदी, एक बुलेटप्रूफ महिंद्रा स्कॉर्पियो एसयूवी, एक मोटरसाइकिल, 26 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप शामिल है। हथियारों में सात पिस्टल और रिवॉल्वर, एक बटनदार चाकू, एक मैगजीन, 40 कारतूस, तीन बोर ब्रश और दो क्लीनिंग रॉड्स जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी बरामद मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि गिरोहों की साजिशों और नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की लगातार और समन्वित कार्रवाइयों से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय अपराध सिंडिकेट को कमजोर करने और गैंगस्टरों की गतिविधियों को पूरी तरह से ध्वस्त करने में मदद मिलेगी।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles