(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि राज्य में अभियंताओं के अनुसंधान में सहयोग के लिए इंजीनियरिंग रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट खोला जाएगा। डॉ यादव यहां स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में ‘अभियंता दिवस समारोह 2025’ का उद्घाटन कर समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभियंताओं व संविदाकारों को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। समारोह में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी उपस्थित रहे। साथ ही उन्होंने लोक निर्माण सर्वेक्षण ऐप, न्यूज लेटर एवं लोक परियोजना प्रबंधन प्रणाली का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि अभियंताओं को अनुसंधान कार्यों में सहयोग प्रदान करने तथा उन्हें निरंतर एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने हेतु मध्यप्रदेश में ‘रिसर्च एवं ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ की स्थापना की जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दुनिया को 20वीं सदी में आदरणीय वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु द्वारा सिद्ध करने के बाद विश्वास होता है कि पौधों में प्राण होते हैं, लेकिन भारत में तो बच्चे भी हमेशा से ये बात जानते हैं। हमारे यहां विध्वंस नहीं, सृजन की प्रवृति है और सृजन से अभियंता जुड़ता है।





