नयी दिल्ली,(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। एनपीसीआई इंटरनेशलन पेमेंट्स लि. (एनआईपीएल) ने एक्लेडा बैंक के साथ साझेदारी में कंबोडिया में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) भुगतान सुविधा की शुरुआत की है। यह सुविधा कंबोडिया की राष्ट्रीय ‘क्यूआर’ कोड प्रणाली ‘केएचक्यूआर’ के माध्यम से उपलब्ध होगी।
मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार नेशनल पेमेंट कार्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय शाखा की इस पहल का शुभारंभ कंबोडिया की राजधानी नामपेन्ह में आयोजित एक औपचारिक समारोह में किया गया। कार्यक्रम में नेशलन बैंक ऑफ कंबोडिया (एनबीसी) के गवर्नर डॉ चिया सेरी तथा भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह समारोह भारत और कंबोडिया के बीच सीमा-पार क्यूर भुगतान कनेक्टिविटी के पहले चरण की आधिकारिक शुरुआत का प्रतीक था।
अब भारतीय यात्री कंबोडिया की मानक एवं इंटरऑपरेबल क्यूआर कोड प्रणाली बैकॉंग केएचक्यूआर को स्कैन करके वहां 45 लाख से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सुरक्षित और सहज डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। यह सुविधा पर्यटन स्थलों, रेस्तरां, खुदरा दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपलब्ध होगी। भुगतान भारतीय यूपीआई-सक्षम मोबाइल ऐप्स के माध्यम से किया जा सकेगा।





