Tuesday, June 2, 2026
spot_img

मोदी ने कतर के अमीर से बात की, दोहा पर हमले पर जताई चिंता

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली । कतर की राजधानी दोहा पर इजरायली हमले के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से बात कर इस घटनाक्रम पर चिंता जताई और कहा कि भारत कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा तथा कूटनीति से मुद्दों के समाधान का पक्षधर है।
बुधवार शाम हुई बातचीत के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अमीर अल-थानी के साथ टेलीफ़ोन पर बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए सभी तरह के आतंकवाद आतंकवाद के खिलाफ है।
उन्होंने कहा,” कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी से बात की और दोहा में हुए हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की। भारत कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा करता है। हम बातचीत और कूटनीति के माध्यम से मुद्दों के समाधान और तनाव को बढ़ने से रोकने का समर्थन करते हैं। भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए, और सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद के विरुद्ध दृढ़ता से खड़ा है।”
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री ने दोहा में हुए हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की और कतर की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा की। प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में कतर द्वारा निभाई जा रही भूमिका की सराहना की, जिसमें गाजा में युद्धविराम और सभी बंधकों की रिहाई के लिए मध्यस्थता के प्रयास भी शामिल हैं।
श्री मोदी ने बातचीत और कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के समाधान और तनाव को बढ़ने से रोकने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि भारत क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता के लिए और सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद के विरुद्ध दृढ़ता से खड़ा है।
शेख तमीम ने कतर और उसके लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। दोनों नेताओं ने भारत-कतर रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया और पारस्परिक हित के सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने निकट संपर्क में बने रहने पर सहमति व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि इजरायल ने मंगलवार को कतर में चरमपंथी संगठन हमास के ठिकानों पर बमबारी की थी और ऐसा पहली बार हुआ है जब इज़राइल ने कतर में कोई अभियान शुरू किया है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles