(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने से पहले श्री नितिन नबीन ने मंगलवार सुबह यहां विभिन्न धर्म स्थलों में पूजा अर्चना की।
श्री नबीन सबसे पहले झंडेवालान मंदिर जा कर प्रार्थना की । इसके बाद उन्होंने मंदिर मार्ग स्थित श्री बाल्मीकि मंदिर में और बाबा खडगसिंह मार्ग स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने गुरुद्वारा बंगला साहिब जा कर मत्था टेका।
श्री नबीन के साथ दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और मनजिंदर सिंह सिरसा, भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रमुख संजय मयूख तथा कुछ अन्य नेता भी थे।
गौरतलब है कि श्री नबीन ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था और नामांकन पत्रों की जांच के बाद निर्वाचन अधिकारी ने घोषणा की थी कि श्री नबीन के आलावा किसी अन्य नेता ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया है। इस तरह वह निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।





