Tuesday, June 2, 2026
spot_img

भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र प्रथम, व्यक्तिगत हित सबसे बाद में : नितिन नबीन

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नये अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी में काम करने वालों के लिये राष्ट्र का हित सबसे ऊपर होता है और व्यक्तिगत हित का स्थान अंत में है।
पार्टी के संगठनात्मक चुनाव में सोमवार को निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने के बाद श्री नबीन ने आज पार्टी मुख्यालय में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति में श्री नबीन ने पार्टी के अध्यक्ष के रूप में कार्यकर्ताओं के समक्ष अपने पहले संबोधन में कहा , ‘हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां…राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है।राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है।”
नये भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘ हम मन में राष्ट्र प्रथम, पार्टी उसके बाद तथा व्यक्तिगत हित सबसे बाद, के भाव से काम करते हैं।’
उन्होंने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी का आभार व्यक्त करते हुए कहा , ‘ भाजपा के विस्तार में योगदान देने वाले हमारे शीर्ष नेतृत्व ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुंचाने का अवसर दिया है, इसके लिए मैं आप सभी को प्रणाम करता हूं।”
श्री नबीन ने इस अवसर पर पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों के योगदान का भी स्मरण किया और समारोह में उपस्थित मौजूद पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का अभिवादन किया। उन्होंने कहा, ‘ 2006 में जब मैं पहली बार विधायक बना, तब से मैं देख रहा हूं कि राजनाथ सिंह जी ने किस प्रकार हर कार्यकर्ता से जुड़ने का प्रयास किया। नितिन गडकरी जी ने संगठन के हर मोर्चे को गढ़ने का काम किया।गृहमंत्री अमित शाह जी जब राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब उन्होंने किस प्रकार हर कार्यकर्ता की चिंता की.. मैं पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के आगे सिर झुकाता हूँ।’
उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गयी है। यह पार्टी के प्रेरणादायी नेतृत्व , इसकी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत का फल है। उन्होंने कहा , ‘भाजपा का कार्यकर्ता अनवरत काम करता है, कठिन से कठिन परिस्थिति में भी भारत का ध्वज झुकने नहीं देता है,वह सीना ठोककर कहता है, तेरा वैभव अमर रहे माँ…।’
कार्यक्रम के मंच पर श्री नबीन के साथ प्रधानमंत्री , पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी , अमित शाह और चुनाव अधिकारी डॉ के लक्षमण थे। मंच पर शीर्ष नेताओं की उपस्थित में पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने श्री नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया और उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। प्रधानमंत्री मोदी ने श्री नबीन का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और उन्हें बधाई दी।
भाजपा ने संगठनात्मक चुनाव को ‘संगठन पर्व’ नाम दे कर उसके अंतर्गत साेमवार को आयोजित राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के उपलक्ष्य में मुख्यालय पर एक कार्यक्रम आयोजित किया था। प्रधानमंत्री श्री मोदी का पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकारी अध्यक्ष श्री नबीन और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट कर स्वागत किया।
श्री नबीन कल अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में निर्विरोध निर्वाचित हुए ।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles