भोपाल(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 26 मई को सिविल डिफेंस की ओर से आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए विशेष मॉक ड्रिल आयोजित किया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न विभागों और एजेंसियों की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजना, आपातकालीन वाहनों की आवाजाही, खोज एवं बचाव गतिविधियां तथा अन्य आपदा प्रबंधन संबंधी कार्यवाहियां दिखाई दे सकती हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सभी गतिविधियां केवल प्रशिक्षण और तैयारी का हिस्सा हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी प्रकार की चिंता या भ्रम की स्थिति न बनने दें तथा पूरी तरह निश्चिंत रहें। प्रशासन ने अभ्यास के दौरान संबंधित एजेंसियों द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करने और सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं प्रसारित नहीं करने का आग्रह भी किया है।





